जमशेदपुर।
टाटा मोटर्स में वर्ष 2026 की शुरुआत उत्साह और सकारात्मक संकल्पों के साथ की गई। जनरल ऑफिस सहित विभिन्न डिविजनों में केक काटकर एक-दूसरे को नव वर्ष की बधाइयाँ दी गईं। इस अवसर पर आने वाले वर्ष में प्रोडक्शन, क्वालिटी और सेफ्टी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी हुई।
advertisment

वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया केक कटिंग
जनरल ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्लांट हेड श्री सुनील तिवारी, यूनियन अध्यक्ष श्री शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री श्री आर.के. सिंह ने संयुक्त रूप से केक काटकर एक-दूसरे का मुँह मीठा कराया और सभी कर्मचारियों को नव वर्ष की शुभकामनाएँ दीं।
2025 की चुनौतियाँ और 2026 की उम्मीदें
इस अवसर पर प्लांट हेड श्री सुनील तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2025 में अधिकांश महीनों में प्रोडक्शन और बिक्री सामान्य से कम रही, लेकिन जीएसटी के नए स्वरूप के बाद बिक्री में तेजी आई। उन्होंने कहा कि डिमांड के अनुरूप जमशेदपुर प्लांट लगातार गाड़ियों की आपूर्ति कर रहा है।
आने वाले समय में मांग और अधिक मजबूत है, ऐसे में समय पर आपूर्ति, उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा के तीनों मापदंडों पर खरा उतरते हुए आगे बढ़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
गुणवत्ता और सुरक्षा सर्वोपरि : यूनियन महामंत्री
महामंत्री श्री आर.के. सिंह ने कहा कि टाटा मोटर्स के सभी कर्मचारी समय-समय पर आवश्यकतानुसार उत्पादन करते आए हैं और हमेशा गुणवत्ता एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में मिलने वाले सभी टारगेट पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण वाहन निर्माण ही कंपनी को आगे ले जाता है, और सुरक्षा न केवल कार्यस्थल पर बल्कि पूरे परिवार के लिए आवश्यक है। सुरक्षा हमारी आदत का हिस्सा बननी चाहिए।
बड़ी संख्या में अधिकारी एवं यूनियन प्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एचआर हेड श्री प्रणव कुमार, ईआर हेड श्री सैमिक राय, सभी वरीय पदाधिकारी तथा यूनियन के सभी ऑफिस-बेयरर उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएँ दीं और नए वर्ष में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।