जमशेदपुर : जमशेदपुर में नागरिक सुविधाओं का दायित्व संभालने वाली टाटा स्टील युआआईएसएल के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋतुराज सिन्हा का रविवार दोपहर अचानक निधन हो गया। 58 वर्षीय ऋतुराज सिन्हा टाटा समूह की कई कंपनियों में सेवा दे चुके थे और पिछले लगभग तीन वर्षों से वे टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी के रूप में काम कर रहे थे।
अचानक बिगड़ी तबियत, अस्पताल में मिली मृत्यु की पुष्टि
रविवार दोपहर वे अपने आवास पर ही मौजूद थे, तभी अचानक उनकी तबियत खराब होने लगी और नाक से खून बहना शुरू हो गया। स्थिति गंभीर होती देख परिजनों ने उन्हें तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल पहुँचाया।
प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही टाटा समूह तथा शहरभर के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
वरिष्ठ अधिकारी, सांसद और अनेक गणमान्य व्यक्ति अस्पताल पहुंचे
ऋतुराज सिन्हा के निधन की सूचना पर टाटा समूह के कई वरीय अधिकारी अस्पताल पहुंचे। इसके साथ ही जिले के सांसद, राजनीतिक प्रतिनिधि और कई सामाजिक कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुँचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
जिले के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि “ऋतुराज सिन्हा एक बेहद मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्ति थे। उन्होंने जमशेदपुर को स्वच्छता रैंकिंग में ऊँचे स्थान पर पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जाना बेहद दुखद है और उनकी कमी शहर को हमेशा महसूस होगी।”
शहर में शोक, टाटा समूह के लिए बड़ी क्षति
ऋतुराज सिन्हा के निधन को टाटा समूह और जमशेदपुर शहर के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। नागरिक सुविधाओं के विकास, स्वच्छता अभियान और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।