रांची, 23 जुलाई – झारखंड उच्च न्यायालय को बुधवार को अपना 17वां मुख्य न्यायाधीश मिल गया। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे रांची स्थित राजभवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
रांची आगमन पर भव्य स्वागत
न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान मंगलवार शाम अपने परिवार संग रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मुख्य सचिव अलका तिवारी, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, उपायुक्त मंजू भजंत्री, डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
न्यायमूर्ति चौहान का परिचय
न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान इससे पहले हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। उनकी न्यायिक समझ, प्रशासनिक दक्षता और निष्पक्ष दृष्टिकोण के लिए उन्हें जाना जाता है। झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनके कार्यकाल से राज्य की न्याय व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।