हजारीबाग़। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध बालू कारोबार से जुड़ी बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के भाई अंकित राज की लगभग 3 करोड़ 2 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली है। अंकित राज, झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के पुत्र हैं। ईडी ने स्पष्ट किया है कि यह संपत्ति अवैध खनन से अर्जित की गई थी।
ईडी ने पिछले वर्ष मार्च और जुलाई में अंबा प्रसाद के हजारीबाग स्थित आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच में सामने आया कि सोनपुर घाट का खनन लाइसेंस वर्ष 2019 में ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद अंकित राज दामोदर नदी के प्लांडू क्षेत्र से अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर रहा था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अंबा प्रसाद और उनके परिवार के खिलाफ जबरन वसूली, ज़मीन कब्ज़ा और कोयला कंपनियों से जुड़े विवादों से संबंधित लगभग 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों को एक विदेशी लॉकर भी मिला था, जिसमें से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और जानकारियां बरामद हुईं।