हजारीबाग।
झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब कटकमसांडी थाना क्षेत्र के एदला मोड़–चंदवा टोंगरी मार्ग के समीप एक विशाल बरगद के पेड़ से युवती का शव लटका मिला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान महुगाई गांव निवासी 25 वर्षीय सोनी हेंब्रम के रूप में हुई है। वह मुन्ना हेंब्रम की पुत्री बताई जा रही है और नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी।
बोकारो में कर रही थी नर्सिंग की ट्रेनिंग
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोनी हेंब्रम बोकारो में रहकर नर्सिंग की ट्रेनिंग ले रही थी। 28 दिसंबर को वह दोपहर में घर से यह कहकर निकली थी कि उसे बोकारो लौटना है। इसके बाद से उसका परिवार उससे संपर्क नहीं कर सका।
20 फीट ऊंचाई पर मिला शव
सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बरगद के पेड़ से लगभग 20 फीट की ऊंचाई पर एक शव लटकता देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि युवती के गले में पीले रंग की नायलॉन रस्सी बंधी हुई थी।
मौत पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस आत्महत्या या किसी अन्य साजिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इलाके में फैली दहशत
इस घटना के बाद से ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।