Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा का सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को झारखंड सरकार से स्थायी मान्यता प्राप्त, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर

Spread the love

बहरागोड़ा, झारखंड। संवाददाता – बापुन

बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत ईचडाशोल मौजा में स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को झारखंड सरकार द्वारा स्थायी मान्यता प्रदान की गई है। यह विद्यालय श्रीहरि वनवासी विकास समिति, झारखंड (संबद्ध – वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड) द्वारा संचालित है और इसकी U-DISE संख्या 20180704802 है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं संकुल प्रमुख अशोक कुमार नायक ने शनिवार को विद्यालय की वंदना सभा में दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय की मान्यता के लिए कई वर्षों पूर्व आवेदन किया गया था, और अब सरकार द्वारा स्थायी मान्यता मिलना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।

विद्यालय के अध्यक्ष श्री सत्यकिंकर सीट एवं सचिव दुखीराम मुर्मू ने इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं (भैया-बहनों) को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके सर्वांगीण विकास की कामना की।

उल्लेखनीय है कि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्च विद्यालय (कक्षा 9वीं एवं 10वीं) को पहले से ही स्थायी मान्यता प्राप्त है। अब प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर (कक्षा 1 से 8 तक) को भी यह मान्यता मिलना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों, विशेष रूप से जनजातीय समुदाय के बच्चों को शैक्षणिक लाभ मिलेगा।

ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह विद्यालय न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि राष्ट्रीय संस्कारों एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी समर्पित है। स्थायी मान्यता मिलने के उपरांत अब यह विद्यालय और अधिक सशक्त रूप से अपनी भूमिका निभा सकेगा।

विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि के लिए झारखंड सरकार का आभार व्यक्त किया है और आशा जताई है कि यह मान्यता बच्चों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।