Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: शांति देवी सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित हुआ सप्तशक्ति संगम

Spread the love

चाकुलिया। संवाददाता  (रोहन सिंह) : चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बुधवार को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में “सप्तशक्ति संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता एवं ओंकार के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, चाकुलिया शाखा की प्रमुख दीदी गंगा बीके उपस्थित रहीं। वहीं वक्ता के रूप में जमशेदपुर से आईं रिंकु कुमारी एवं रिंकी सिंह ने अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में मातृशक्ति के जागरण हेतु सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से पंच परिवर्तन—स्व का बोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्य—के विषय में माताओं को जागृत किया जा रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि माताएं देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक संरक्षण की रीढ़ होती हैं। वर्तमान समय में सांस्कृतिक पतन, सामाजिक बिखराव, संयुक्त परिवारों का विघटन और पाश्चात्य संस्कृति का अंधानुकरण समाज के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में घर में धार्मिक एवं संस्कारयुक्त वातावरण बनाए रखना माताओं का अहम कर्तव्य है।

मुख्य अतिथि ने कहा कि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बच्चों के साथ-साथ माताओं को भी पंच परिवर्तन का ज्ञान देकर एक समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान संस्कृति से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाली माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही संयुक्त परिवार का प्रतिनिधित्व करने वाली दीपा भारती एवं मालती महतो को आदर्श माता के रूप में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जमशेदपुर के विभाग प्रमुख तुलसी प्रसाद ठाकुर, बहरागोड़ा के प्रधानाचार्य जगन्नाथ कुईला, विद्यालय के संरक्षक कमल खंडेलवाल, अध्यक्ष प्रभात झुनझुनवाला, सचिव अमित भारतीय, उपाध्यक्ष आलोक लोधा, प्रधानाचार्य कमलाकांत प्रमाणिक, कार्यक्रम प्रमुख लक्ष्मी सिंह सहित सभी आचार्य एवं लगभग 180 माताएं उपस्थित रहीं।