Responsive Menu
Add more content here...

एनएच-18 और एनएच-49 की जर्जर पुलिया और ओवरब्रिज, निकले सरिए बन रहे हादसों की वजह

Spread the love

बहरागोड़ा (संवाददाता: बापुन)
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) और राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (NH-49) पर स्थित पुलिया और ओवरब्रिज की हालत बेहद खराब हो चुकी है। कई स्थानों पर सड़कों की सतह टूटने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें से लोहे के सरिए बाहर निकल आए हैं, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकते हैं।

मुख्य रूप से केशरदा के NH-18 ओवरब्रिज और मुड़ाकाटी खाल पर स्थित पुलिया की हालत बेहद चिंताजनक है। इसी प्रकार, खंडामौदा के पास रांगडो खाल पर NH-49 की पुलिया पर भी गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनसे सरिए बाहर आ चुके हैं।

राहगीरों और स्थानीयों में आक्रोश

स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि एनएचएआई (NHAI) द्वारा सड़क निर्माण के बाद मरम्मत और रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इससे गड्ढों और निकले सरियों के कारण आए दिन बाइक व कार चालकों के साथ दुर्घटनाएं हो रही हैं।

टोल टैक्स वसूली जारी, मरम्मत पर ध्यान नहीं

लोगों का कहना है कि एक ओर एनएचएआई टोल टैक्स की वसूली कर रही है, वहीं दूसरी ओर सड़क और पुलियों की मरम्मत पर कोई पहल नहीं की जा रही है। इससे वाहन चालकों में गहरी नाराजगी है और उन्हें हर रोज खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है ताकि इन पुलियों और ओवरब्रिजों की मरम्मत की जा सके और आने वाली किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।