बहरागोड़ा संवाददाता ( बापुन) । गुरुवार सुबह बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ। नेताजी सुभाष शिशु उद्यान के पास शाखा मैदान के समीप किराना दुकान संचालित करने वाले जयंत दास (40 वर्ष) की फ्रिज से करंट लगने के कारण मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे जयंत दास अपनी दुकान “जयंत स्टोर” में रखे फ्रिज में सामान रख रहे थे। इस दौरान अचानक बिजली के तार के संपर्क में आने से वे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत बहरागोड़ा सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जयंत दास की मौत की खबर से परिजनों के साथ-साथ ग्राहकों और आसपास के लोगों में भी गहरा दुख है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। मूल रूप से मौदा गांव निवासी जयंत दास कई वर्षों से बहरागोड़ा में किराना दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।