Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में रेलवे संवेदक की लापरवाही से सड़क पर दौड़ा करंट, सांड की दर्दनाक मौत- बड़ा हादसा टला

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया नगर पंचायत के नया बाजार स्थित सुभाष चौक पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने रेलवे संवेदक की घोर लापरवाही को उजागर कर दिया। हाईमास्ट लाइट से जुड़े बिजली के तार में करंट दौड़ने से सड़क पर एक सांड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बकरियां भी इसकी चपेट में आकर तड़पने लगीं।

दुर्गा पद घोष की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

घटना के दौरान वहां मौजूद जेएलकेएम नेता दुर्गा पद घोष ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत हाईमास्ट लाइट की बिजली सप्लाई बंद कराई और बकरियों को बचा लिया। अगर समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता तो और बड़ी दुर्घटना घट सकती थी।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, बिजली के खंभे से तार को सड़क पार कराकर हाईमास्ट लाइट तक ले जाया गया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि तार कट जाने या घिस जाने से पूरा करंट सड़क पर दौड़ रहा था। इसी दौरान सांड इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। बकरियों के तड़पने के बाद ही स्थिति का खुलासा हुआ।

ग्रामीणों में आक्रोश

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही रेलवे द्वारा यहां पुलिया का निर्माण कार्य किया गया था। उस दौरान संवेदक ने सड़क पर गड्ढा खोद दिया था, जिसे ठीक से भरा नहीं गया। नतीजतन बिजली का तार सड़क पर आ गया और यह खतरनाक स्थिति उत्पन्न हो गई।

ग्रामीणों ने संवेदक की लापरवाही पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि गनीमत रही कि इस हादसे में केवल सांड की जान गई। यदि कोई राहगीर या बच्चा इसकी चपेट में आ जाता तो बड़ी मानव त्रासदी हो सकती थी।

जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और संवेदक पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय कर सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक इस तरह की घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी।