बहरागोड़ा। संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया चौक में लगी हाईमास्ट लाइट पिछले तीन महीनों से खराब पड़ी है। चार में से सभी लाइटें बंद होने के कारण शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। दीपावली जैसे रोशनी के त्योहार में भी चौक का यह हाल देखकर स्थानीय लोग निराश हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि हाईमास्ट लाइट की खराबी से रोजाना राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अंधेरे में दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय निवासी अर्धेंदु भोल, प्रणब गिरि, जतिन गिरि, सुभाष साहा, पंकज साधु, हाराधन भोल और दिनेश दत्त ने कहा कि मानुषमुड़िया चौक से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। ऐसे में हाईमास्ट लाइट का चालू रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मरम्मत की मांग की है।
गौरतलब है कि इस हाईमास्ट लाइट की मरम्मत पूर्व में जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो के प्रयासों से करवाई गई थी। लेकिन अब दोबारा खराब होने से ग्रामीणों को फिर से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सांसद महतो को इस समस्या से अवगत कराया है। सांसद ने आश्वासन दिया है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और शीघ्र ही हाईमास्ट लाइट की मरम्मत करवाई जाएगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि दीपावली से पहले हाईमास्ट लाइट को चालू करवाकर इलाके को रोशनी से जगमगाया जाए।