बहरागोड़ा, 15 अक्टूबर 2025 (संवाददाता एन बेरा ):
बहरागोड़ा प्रखंड के माटिहाना पंचायत स्थित कांठुलिया गांव में नए आंगनबाड़ी केंद्र के प्रस्तावित निर्माण स्थल को लेकर बुधवार की शाम ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मांग की है कि भवन का स्थान उसी खाता संख्या के अंतर्गत किसी अन्य उपयुक्त जगह पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके और केंद्र उनके आवासीय क्षेत्र के निकट हो।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान प्रस्तावित जगह बच्चों की सुविधा के अनुकूल नहीं है। उन्होंने इस संबंध में संबंधित विभाग के पदाधिकारी को लिखित शिकायत भी सौंपी है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण शुरू करने से पूर्व संवेदक (ठेकेदार) द्वारा नियमानुसार ग्रामसभा आयोजित नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में विभाग और संवेदक के प्रति नाराज़गी है।
विरोध के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें ग्राम प्रधान गौर वरण कुईला, वार्ड सदस्य ओशक सिंह, गोपाल चंद्र बाग, तपन खामराई, गोविंद धाउड़िया, कैलाश भक्त, आकुल खामराई, पुतुल धाउड़िया, मोनोरोमा सिंह, मिली खामराई, सीमा सिंह, मनोरंजन देवी, पुतुल सिंह, निरुपमा सिंह, कल्याणी सिंह, मिताली सिंह, और लक्ष्मी सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल थे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उचित स्थान तय नहीं किया जाता, वे निर्माण कार्य शुरू नहीं होने देंगे।