जमशेदपुर।
जमशेदपुर वन प्रमंडल एवं टाटा स्टील जूलॉजिकल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 5 अक्टूबर को “रन फॉर गजराज” नामक दलमा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ वन्य प्राणी सप्ताह (71वां) के उपलक्ष्य में आयोजित हो रही है।
मैराथन की दूरी 16 किलोमीटर तय की गई है, जो शहरबेड़ा फुटबॉल मैदान से प्रारंभ होकर दलमा पहाड़ के तराई क्षेत्रों से गुजरते हुए पुनः उसी मैदान में समाप्त होगी।
इस आयोजन की जानकारी जिले के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य लोगों को हाथियों के संरक्षण और सह-अस्तित्व के प्रति जागरूक करना है।
आयोजन समिति के अनुसार, इस मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में से प्रथम पाँच विजेताओं को नगद पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाएगा।
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस दौड़ में शामिल होकर वनों और वन्य प्राणियों के संरक्षण के संदेश को व्यापक रूप से फैलाएँ और इस प्रयास को सफल बनाएं।