जमशेदपुर (छोटा गोविंदपुर)।
श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा हाट बाजार, छोटा गोविंदपुर द्वारा आयोजित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन शुक्रवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री श्रीमती दीपिका सिंह पांडे तथा विशिष्ट अतिथि जुगसलाई विधायक श्री मंगल कालिंदी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से पूजा पंडाल का शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह में मंत्री श्रीमती दीपिका सिंह पांडे ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और शांति की मंगलकामना की और सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएँ दीं।
इस वर्ष समिति ने अपने 57वें वार्षिकोत्सव पर विशेष रूप से गौतम बुद्ध थीम आधारित पंडाल का निर्माण किया है, जो श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण बना हुआ है। पंडाल की थीम शांति, धैर्य और अहिंसा का संदेश देती है, जिससे पूजा में आने वाले भक्तों को आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो रहा है।
समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों का स्वागत किया गया और अपील की गई कि लोग सपरिवार पधारकर माँ दुर्गा की आराधना कर पुण्यलाभ अर्जित करें।