चाकुलिया: चाकुलिया के एक लॉज में शुक्रवार को आजसू के बहरागोड़ा विधानसभा प्रभारी फनी भूषण महतो ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर कहा कि अपने तमाम समर्थकों के साथ आगामी 13 जुलाई को बोड़ाडीह दुर्गा पूजा मैदान में जेएलकेएम के सुप्रिमो जयराम महतो के समक्ष पार्टी जेएलकेएम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि उनके साथ बहरागोड़ा आजसू के प्रखंड अध्यक्ष अशोक बारिक और चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष देवाशीष दास समेत प्रखंड और पंचायत स्तर के कई नेता और कार्यकर्ता जेएलकेएम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आज आजसू अपनी नीति और दिशा से भटक गयी है। डुमरी के विधायक जयराम महतो के कार्यो से प्रभावित होकर वे पार्टी में शामिल होंगे और क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज झारखंड में झारखंडियों का उनका हक और अधिकार नहीं मिल रहा है। यहां के युवा आज भी बेरोजगार हैं और रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं। हेमंत सरकार झारखंडियों को नौकरी देने में नाकाम है। जयराम महतो के सत्ता में आने से ही राज्य का विकास होगा और लोगों को उनका हक और अधिकार मिलेगा।