बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-18 पर मुड़ाकाटी चौक के समीप शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के गिधनी भालिया टिकरी गांव निवासी 24 वर्षीय युवक सुजीत हाटुई की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक अपने यामाहा आर15 बाइक (नंबर WB 50 G 9334) पर झाड़ग्राम से जमशेदपुर अपने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान मुड़ाकाटी चौक के पास अचानक किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर और दायां हाथ बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान उसके पास से मिले आधार कार्ड के जरिए की गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ियों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।