पूर्वी सिंहभूम: विश्व पर्यटन दिवस 2025 के अवसर पर जिले में पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से विभिन्न सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय द्वारा 25 से 27 सितंबर तक कई गतिविधियां संपन्न की गईं, जिनमें विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
25 सितंबर को करीम सिटी कॉलेज में बच्चों के लिए ट्रैकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। ट्रैकिंग प्रतियोगिता में तनवीर खान ने प्रथम स्थान और निशा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, एम.डी. सरफराज को ट्रैकिंग नियमों के सफल क्रियान्वयन के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया।
26 सितंबर को करीम सिटी कॉलेज में चित्रांकन और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। चित्रांकन प्रतियोगिता में श्रुति मंडल, रोशनी रानी शाह और पूजा गोराई ने बेहतरीन प्रस्तुति दी, जबकि भाषण प्रतियोगिता में आयुष अस्थाना प्रथम और नंदनी दत्ता द्वितीय स्थान पर रहे।
27 सितंबर को घाटशिला के बुरुडीह डैम में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें बुरुडीह डैम समिति एवं पर्यटन विशेषज्ञ मनीष जोंको ने भाग लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश विशेष रूप से दिया गया।
कार्यक्रमों के समापन पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, पर्यटन विशेषज्ञ मनीष जोंको एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा।