Responsive Menu
Add more content here...

उपायुक्त ने साकची के विश्वकर्मा प्वाइंट में ‘जमशेदपुर हाट’ का शिलान्यास किया, जिले के कारीगरों को मिलेगा नया मंच

Spread the love

साकची, पूर्वी सिंहभूम: जिले के कारीगरों और शिल्पकारों की आजीविका सुधारने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने साकची स्थित विश्वकर्मा प्वाइंट परिसर में ‘जमशेदपुर हाट’ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी) कृष्ण कुमार और धालभूम के एसडीएम चंद्रजीत सिंह भी मौजूद थे।

‘जमशेदपुर हाट’: कारीगरों के लिए साझा व्यावसायिक मंच

‘जमशेदपुर हाट’ का मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों के कारीगरों और शिल्पकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने हस्तशिल्प और क्राफ्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री कर सकेंगे। इस हाट में बोडाम प्रखंड के अंधारझोर गांव के वाद्य यंत्र निर्माता सहित जिले के अन्य कारीगरों के हस्तशिल्प भी शामिल होंगे। यह पहल पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने में मददगार साबित होगी।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि ‘जमशेदपुर हाट’ स्थानीय कारीगरों के लिए आर्थिक समृद्धि का एक मजबूत माध्यम बनेगा, जिससे वे सीधे ग्राहकों तक अपने उत्पाद पहुंचा सकेंगे और उन्हें स्थानीय बाजार की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने, कारीगरों को प्रशिक्षण देने और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। यह पहल राज्य सरकार के निर्देशानुसार स्वरोजगार को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को नए अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।