पूर्वी सिंहभूम | संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम जिले में ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम के पहले चरण के तहत 21 से 28 नवंबर तक ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने 10 जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
ये वाहन पूरे जिले में भ्रमण कर लोगों को झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के तहत मिलने वाली सेवाओं, समय-सीमा, आवेदन प्रक्रिया और शिकायत निवारण व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।
उपायुक्त बोले — “हर नागरिक को समयबद्ध सेवाएँ मिलें, यह प्रशासन की प्राथमिकता”
उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य थीम झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर चलने वाले शिविरों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अधिनियम में शामिल सभी सेवाओं से संबंधित आवेदनों का समय पर निराकरण हो और पात्र लोगों को उनका लाभ बिना देरी के प्राप्त हो।
उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में आने वाले हर आवेदन का समयबद्ध निपटारा अनिवार्य रूप से किया जाए। उपायुक्त ने जोर दिया कि सप्ताह का प्रमुख उद्देश्य लोगों को सरकारी सेवाओं के अधिकार, उपलब्ध सुविधाओं और शिकायत निवारण तंत्र के बारे में जागरूक करना है, ताकि कोई भी नागरिक लाभ से वंचित न रह जाए।
सेवा का अधिकार सप्ताह में प्राथमिकता से निपटाए जाने वाले प्रमुख सेवाएँ
जाति प्रमाण पत्र
स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र
आय प्रमाण पत्र
जन्म प्रमाण पत्र
मृत्यु प्रमाण पत्र
नया राशन कार्ड
दाखिल–खारिज से जुड़े मामले
भूमि मापी (Land Measurement)
भूमि धारण प्रमाण पत्र
जिलेवासियों से उपायुक्त की अपील
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने नज़दीकी शिविरों में पहुँचकर आवश्यक सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी पात्र लोगों तक सरकारी सेवाएँ पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।