Responsive Menu
Add more content here...

महिला चौकीदार की संदिग्ध हत्या, सड़क किनारे मिला खून से सना शव, इलाके में हड़कंप

Spread the love

जमशेदपुर | पोटका
पोटका थाना क्षेत्र के बड़ा सिदगी मुख्य सड़क पर गुरुवार को एक महिला चौकीदार का शव संदिग्ध हालात में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ज्योतिका हेमरम के रूप में हुई है, जो पोटका थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत थीं। प्रारंभिक तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पोटका थाना की पुलिस के साथ-साथ डीएसपी, बीडीओ और सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच की मानी जा रही है। जिस स्थान पर शव बरामद हुआ, वहीं पास में मृतका की स्कूटी भी खड़ी मिली है, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

मृत चौकीदार के परिजनों ने स्पष्ट रूप से हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि ज्योतिका हेमरम पर चाकू से हमला कर उनकी जान ली गई है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की छानबीन की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।