Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा: आंगनवाड़ी सेविका चयन में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र की सांड्रा पंचायत अंतर्गत सांड्रा गांव में आंगनवाड़ी सेविका के चयन को लेकर अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) केशव भारती को ज्ञापन सौंपकर चयन प्रक्रिया की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि 15 दिसंबर को पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में आमसभा का आयोजन कर आंगनवाड़ी सेविका पद के लिए चयन किया गया था। आमसभा में सर्वसम्मति से रुमा दत्त को चयनित किया गया, लेकिन बाद में पता चला कि वे उसी पंचायत की पंचायत समिति सदस्य के रूप में कार्यरत हैं, जो नियमों के विरुद्ध बताया जा रहा है।

Advertisement

ग्रामीणों का आरोप है कि इस गलत चयन को लेकर प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को भी आपत्ति दर्ज कराई गई थी, लेकिन उनकी ओर से ग्रामीणों की बातों को नजरअंदाज कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों ने बीडीओ से मांग की है कि उक्त सेविका चयन प्रक्रिया को तत्काल रद्द किया जाए और नियमों के अनुसार पुनः पारदर्शी तरीके से चयन कराया जाए। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती एवं जमशेदपुर उपायुक्त को भी भेजी गई है।

इस मौके पर आरती नायक, मानस महंती, गणेश दीगर, संजय दे, कार्तिक दीगर, पारुल दीगर, बबलू महाली सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।