Responsive Menu
Add more content here...

09 से 11 जनवरी तक गोपाल मैदान में होगा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव

Spread the love

जमशेदपुर।
जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव का आयोजन 09 से 11 जनवरी 2026 तक गोपाल मैदान, जमशेदपुर में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम श्री अर्नव मिश्रा ने सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन से जुड़ी तैयारियों, सहभागिता एवं उद्देश्य पर विस्तृत जानकारी साझा की।


अनुमंडल पदाधिकारी श्री मिश्रा ने बताया कि यह साहित्य उत्सव साहित्य, कला, संस्कृति तथा जनजातीय विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज को उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय साहित्य उत्सव में जिला, राज्य एवं देश स्तर के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, इतिहासकार, विचारक एवं सांस्कृतिक कर्मी अपनी सहभागिता निभाएंगे। विभिन्न सत्रों के माध्यम से साहित्यिक संवाद, काव्य पाठ, विचार-विमर्श एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।


अनुमंडल पदाधिकारी ने जिले के सभी साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस साहित्य उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जन सहभागिता से ही यह आयोजन सफल एवं स्मरणीय बन सकेगा।