Responsive Menu
Add more content here...

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में जनजातीय गौरव पखवाड़ा सम्पन्न, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों ने बटोरी सराहना

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड के बालिकुड़िया स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा बुधवार को विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन जनजातीय गौरव वर्ष – बिरसा मुंडा 150 और एंपावरिंग ट्राइबल: विकसित भारत थीम पर आधारित रहा।

पंद्रह दिनों तक चले इस विशेष कार्यक्रम में छात्रों ने ट्रैवल वॉल आर्ट प्रोजेक्ट, नाटक, कहानी लेखन प्रतियोगिता, मॉडल सेमिनार, निबंध लेखन, वर्ग संवाद, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामुदायिक भोज जैसी अनेक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में जनजातीय परंपरा, कला और संस्कृति के प्रति विशेष रुचि दिखाई दी।

समापन समारोह में जनजातीय विरासत पर प्रेरक संदेश

समारोह के दौरान संथाली भाषा में आदिवासी जनजीवन और भगवान बिरसा मुंडा के महान योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया गया।
शिक्षिका आकांक्षा सिंह ने भारतीय आदिवासी समुदाय की पारंपरिक पर्यावरणीय समझ, सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक पहचान पर अपने विचार साझा किए।

प्राचार्य का संदेश – जनजातीय सशक्तिकरण ही विकसित भारत का मार्ग

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिधो-कान्हू जैसे महानायक आज भी जनजातीय समाज के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के बावजूद कई जनजातीय क्षेत्र अब भी विकास की मुख्यधारा से दूर हैं, इसलिए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पाने के लिए समुदाय-आधारित शिक्षा और आदिवासी सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है।

छात्रों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

समापन अवसर पर छात्रों ने कतारबद्ध होकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज की भूमिका को नमन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

इन शिक्षक-शिक्षिकाओं की रही सक्रिय सहभागिता

समारोह में प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह के साथ
मुकेश कुमार, प्रवीण कुमार, सुजाता महंता, कृष्णा विश्वास, प्रिया प्रियदर्शिनी, स्वीटी शमाल, सीमा कुमारी, ब्यूटी साइकिया, आकांक्षा सिंह, अप्सरा बाला सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।