घाटशिला | संवाददाता
घाटशिला शहर के युबीआई बैंक मोड़ से अमाईनगर पुल तक लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क के पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से लगभग 54 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 900 मीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई पहले 10 फीट थी, जिसे बढ़ाकर 12.4 फीट किया जा रहा है।
निर्माण स्थल पर जेसीबी मशीन लगाकर सड़क किनारे की सफाई, मिट्टी हटाने, कटिंग और बेड लेवलिंग का काम तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य का जिम्मा संवेदक हेमंत सिंह को दिया गया है।
अमाईनगर–पीएनबी मोड़ मार्ग घाटशिला और मुसाबनी प्रखंड को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण सड़क मानी जाती है। सड़क निर्माण शुरू होने से हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले चार से पांच वर्षों से सड़क मरम्मत की मांग कर रहे थे, क्योंकि इस मार्ग पर तीन स्कूल, पेट्रोल पंप, नेताजी नगर भवन, मार्केट कॉम्प्लेक्स और कई घनी आबादी वाले इलाके स्थित हैं। बारिश के मौसम में सड़क पर कई फीट पानी जमा हो जाने से वाहनों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी।
सूत्रों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति पहले ही दे दी गई थी, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। अब निर्माण शुरू होने से लोगों में संतोष और खुशी देखने को मिल रही है।