Responsive Menu
Add more content here...

संवेदक की लापरवाही से सड़क बनी मुसीबत, पुलिया अधूरी, खेतों में डाली मिट्टी

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह): चाकुलिया प्रखंड में ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल के तहत एनएच 33 से दुधियाशोल होते हुए श्यामसुंदरपुर के गिरिटोला तक पथ का सुदृढ़ीकरण कार्य में संवेदक द्वारा भारी अनियमितता बरती गयी है। पुलिया निर्माण के लिए कई जगह सड़क काट दी गई है। ‌पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। डायवर्सन भी नहीं बनाया गया है। इस मार्ग पर कई माह से आवागमन बंद है। कई किसानों के खेतों में मिट्टी रख दी गयी है। इसके खिलाफ रविवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।


मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 419.082 लाख की लागत से मेसर्स ओम साईं कंस्ट्रक्शन द्वारा सड़क का सुदृढ़ीकरण कार्य किया जा रहा है। संवेदक की लापरवाही के कारण केेरुकोचा से दुधियाशोल होते हुए श्यामसुंदरपुर तक जाने वाली सड़क विगत चार माह से बंद है। इससे ग्रामीणों को कैनाल के रास्ते अतिरिक्त दो किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। संवेदक द्वारा दुधियाशोल के मंगल बेसरा, सुराई बेसरा, टीकाराम बेसरा, चेतन बेसरा और लखन टुडू के खेत में मिट्टी डाल दी गयी है। इसके कारण ग्रामीण इस साल खेतों में खेती भी नहीं कर पाएंगे। ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द उनकी खेत से मिट्टी को हटायी जाए। ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक द्वारा दुधियाशोल फुटबॉल मैदान के पास, दूधियाशोल स्कूल के पास और गिरिटोला के पास आरसीसी पुलिया और कलवर्ट बनाने के लिए फरवरी माह में सड़क को काट दिया गया था। चार माह बाद भी संवेदक द्वारा पुलिया और कलवर्ट निर्माण पूरा नहीं किया गया। डायवर्सन भी नहीं बनवाया गया है। ऐसे में लोगों को कैनाल के रास्ते दो किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। विद्यार्थियों को स्कूल जाने में भी काफी दिक्कत होती है। दुधियाशोल की सालगे टुडू, सरफा बेसरा, पानमनी बेसरा, दानगी बेसरा, मानको मुर्मू, ठाकुर दास टुडू, कालीराम टुडू के कहा कि संवेदक की लापरवाही के कारण हमें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मसले पर ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता अमित ठाकुर ने कहा कि संवेदक से बात कर सात दिनों के अंदर आरसीसी पुलिया का निर्माण कर दिया जाएगा।