बहरागोड़ा। संवाददाता:
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के सांड्रा पंचायत अंतर्गत दिघी तालाब के पास मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने तालाब जीर्णोद्धार कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सरकारी योजना के तहत संवेदक कार्तिक घोष द्वारा तालाब का जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है।
मुख्य सड़क बनी दलदल, आवागमन प्रभावित
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब से निकाली जा रही मिट्टी को अन्य स्थानों पर बेचा जा रहा है। बारासती से आड़ंग गांव तक जाने वाली मुख्य सड़क पर मिट्टी गिरने से रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है, जिससे मोटरसाइकिल चालक फिसलकर गिर रहे हैं और कार व एंबुलेंस के आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
पानी निकासी और श्मशान घाट भी प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक द्वारा पंचायत में पानी निकासी का रास्ता बंद कर दिया गया है तथा श्मशान घाट पर भी मिट्टी डाल दी गई है। कार्यस्थल पर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे योजना की प्राक्कलित राशि, माप-तौल और अन्य विवरणों की जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
मुखिया प्रतिनिधि गणेश मुंडा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए उपायुक्त, जमशेदपुर तथा अंचलाधिकारी बहरागोड़ा के नाम एक लिखित आवेदन अंचल निरीक्षक बाबूराम कुमार को सौंपा। ग्रामीणों द्वीजेन सिंह, पबित्र बेरा, राकेश महंती, आकुल चंद्र नायक, मानस महंती, सुमित महंती, सुजीत बेरा, देवदत्त बेरा, शिव शंकर मुंडा, संजय कुमार, सुधांशु सीट समेत अन्य ने कार्य में गंभीर अनियमितता की जांच की मांग की।
संवेदक ने आरोपों को बताया निराधार
दिघी तालाब के संवेदक कार्तिक घोष ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है और तालाब से निकली मिट्टी को व्यवस्थित रूप से ही डंप किया जाएगा। हल्की बारिश के कारण अस्थायी रूप से परेशानी हुई है, लेकिन कार्य समाप्ति के बाद पूरी साफ-सफाई कर दी जाएगी।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
बहरागोड़ा अंचल निरीक्षक बाबूराम कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर वे स्थल पर पहुंचे और पाया कि सड़क किनारे मिट्टी डंप की गई है। तेज बारिश की स्थिति में कीचड़ सड़क पर आने से आवागमन बाधित हो सकता है। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया है कि ऐसा कार्य न करें जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो और जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया।