बहरागोड़ा। संवाददाता:
आगामी 2 मार्च को बहरागोड़ा के शाखा मैदान में आयोजित होने वाले सामूहिक गणविवाह समारोह की तैयारी को लेकर कार्यक्रम के संयोजक एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने पर चर्चा हुई।
15 हजार लोगों को दिया जाएगा निमंत्रण
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष लगभग 15,000 लोगों को निमंत्रण भेजा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन में सहभागी बन सकें। कार्यक्रम का आयोजन बहरागोड़ा के शाखा मैदान में होगा, जबकि बारात पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बहरागोड़ा निगमानंद आश्रम से निकलेगी।
सामाजिक समरसता और सेवा का महायज्ञ
इस अवसर पर डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि सामूहिक गणविवाह समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल का कार्य करता है। यह आयोजन केवल विवाह संस्कार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और संस्कारों के संरक्षण का महायज्ञ है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों से जनता के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता आया है और इस बार इसे और अधिक भव्य बनाने का संकल्प लिया गया है।
कोई बेटी विवाह से वंचित न रहे
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी इस आयोजन को विशेष बनाती है। उद्देश्य यह है कि कोई भी बेटी आर्थिक अभाव के कारण विवाह से वंचित न रहे। समाज जब मिलकर आगे आता है, तो सकारात्मक परिवर्तन निश्चित होता है।
बैठक में कई कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन राजकुमार कर ने किया। इस अवसर पर रंजीत बाला, देबदत्त साव, सुमन कल्याण मंडल, श्रीवत्स घोष, मनोज गिरी, अर्धेन्दु प्रहराज, देबशीष दास, देब प्रसाद दे, पार्थो सारठी पत्तनायक, लालबाबू साव, अर्चना दास, डोली मुर्मू, मंजुला पलाई, उत्पल पैरा, मिहिर दलाई, अपूर्व सुंदर दास, कमल कांत सिंह, ब्रजेश मिश्रा, स्वरूप पानीग्राही, चंदन सीट, ओमप्रकाश पलाई, पंकज माइती, आनंदा साव, प्रदीप मिश्रा, सुभाष पात्र, सुनील पैरा, गोपाल साव, देबदत्त घोष, पिंटू महंती, असू मैती, शकुंतला महतो, देवी प्रसाद दुबे, कालीपद घोष समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।