जमशेदपुर। संवाददाता
धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
झारखंड के कई जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। इसी क्रम में जमशेदपुर जिला प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
सिटी एसपी के नेतृत्व में सिविल कोर्ट का निरीक्षण
जमशेदपुर में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिविल कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान कोर्ट के गेट संख्या एक से लेकर गेट संख्या तीन तक सभी प्रवेश और निकास द्वारों की बारीकी से जांच की गई।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने और सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए।
पहले भी मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले जमशेदपुर के प्रमुख शिक्षण संस्थान एक्सएलआरआई को भी ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी, लेकिन इसके बाद से प्रशासन और भी सतर्क हो गया है।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है, केवल सतर्क रहने की आवश्यकता है।