बहरागोड़ा। संवाददाता
कलश यात्रा से शुरू हुआ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के गुरुरसाई गांव में शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर भक्ति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। तीन दिवसीय माँ शीतला मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
108 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में निकाली यात्रा
पारंपरिक वेशभूषा में 108 महिलाओं ने पारुलिया स्थित तालाब से पवित्र जल भरकर कलश यात्रा निकाली। गाजे-बाजे और शंख ध्वनि के बीच यह यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुँची।
विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
मंदिर परिसर में पुरोहितों के सानिध्य में माता की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने माँ शीतला से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
पूरे गांव में सात्विक वातावरण
आस्था की पराकाष्ठा यह रही कि उत्सव के सम्मान में गांव के किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला। स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक पूरा गांव मांस, मछली, प्याज और लहसुन का त्याग कर पूर्णतः सात्विक रहेगा।
ग्रामवासियों का रहा सक्रिय सहयोग
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में प्रभात महापात्र, नारायण आईच, सचिदानन्द नायक, सोमनाथ आईच सहित समस्त ग्रामवासियों का सक्रिय योगदान रहा। रात्रि में आयोजित भक्ति जागरण ने पूरे माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया।