बहरागोड़ा, 6 जून | संवाददाता निलेश बेरा की रिपोर्ट
बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा पंचायत अंतर्गत जाम्बनी गांव में स्थित नवनिर्मित हरि मंडप में शुक्रवार को धार्मिक उत्सव की भव्य शुरुआत हुई। इस अवसर पर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन के तहत 151 महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकालकर आयोजन को पावन प्रारंभ दिया।
कलश यात्रा की शुरुआत खंडामौदा रांगड़ो खाल से हुई, जहाँ श्रद्धालु स्थानीय संकीर्तन मंडली, गाजे-बाजे, शंखध्वनि और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष के साथ लालडीही होते हुए लगभग 3 किलोमीटर की पदयात्रा कर हरि मंडप परिसर पहुँचे। वहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों की स्थापना की गई।
इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य पुजारी मदन मोहन आचार्य, देवासिस आचार्य, शुकांत पति एवं संतु पांडे द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न करवाई गई। आयोजन में पाँच मौजा के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अनुष्ठान के अंतर्गत गणेश पूजा, 33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान, 150 कलश पूजा, गौरी षोडष मातृ पूजा, सूर्य पूजा, हवन-पाठ और आरती का भव्य आयोजन हुआ।
पूरे गांव में चूल्हा नहीं जला, हर घर में भक्ति भाव की लहर दौड़ गई। संध्या में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया, वहीं रात्रि में हरि मंडप परिसर संकीर्तन की मधुर ध्वनि से भक्तिमय हो उठा।
शनिवार को ब्रह्ममुहूर्त में 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन की शुरुआत की जाएगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन शुक्रवार दोपहर 3 बजे किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक समीर महंती, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षाड़ंगी और झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष संजय राणा, कोषाध्यक्ष सोमाय हांसदा, सचिव मदन मोहन आचार्य, उपाध्यक्ष संतोष सातुआ सहित गांव के दर्जनों युवाओं व वरिष्ठों ने दिन-रात एक कर दिया।