Responsive Menu
Add more content here...

खांडामौदा में श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन, दधि महोत्सव में उमड़े हजारों श्रद्धालु

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के खांडामौदा गांव स्थित जगत गौरी क्लब टोला में आयोजित 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन का समापन बुधवार को पारंपरिक दधि महोत्सव के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
समापन कार्यक्रम के तहत दोपहर में स्थानीय कीर्तन मंडली एवं बैंड-बाजा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कीर्तन मंडप से पुजारी उज्ज्वल दास एवं देवाशीष दास द्वारा दधि हंडी लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया गया। शोभायात्रा के दौरान दधि हंडी को गांव के प्रत्येक घर में ले जाया गया, जहां शुद्ध जल का छिड़काव किया गया। ग्रामीणों का मानना है कि दधि हंडी के जल का छिड़काव करने से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि बनी रहती है तथा रोगों का निवारण होता है।
दधि महोत्सव के दौरान महिलाओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बारी-बारी से ठाकुर जी की आराधना की। इसके बाद महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर दधि उत्सव मनाया। भक्तों के बीच बतासा, चॉकलेट एवं विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का वितरण किया गया।
दोपहर में हजारों श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। शाम के समय आयोजित लीला कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कीर्तन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया।
इसके उपरांत दधि हंडी को कीर्तन मंडप के चारों ओर पांच बार परिक्रमा कर विधिवत 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन का समापन किया गया। समापन के पश्चात ठाकुर जी को 108 मालसा भोग अर्पित किया गया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में दंडछत्र समाज के लोगों की अहम भूमिका रही। आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान खांडामौदा गांव में भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का अनुपम दृश्य देखने को मिला।