बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मानुषमुड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जन आरोग्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य फूलमनी मुर्मू ने की। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा करना, उनकी गुणवत्ता में सुधार लाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना रहा।
बैठक के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की स्थिति, मरीजों की समस्याओं एवं शिकायत निवारण व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आयुष्मान भारत–स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र के तहत संचालित सेवाओं की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। सदस्यों ने मरीजों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र के विकास कार्यों के लिए उपलब्ध ‘अनटाइड फंड’ के समुचित एवं पारदर्शी उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम चलाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई।
जन आरोग्य समिति की बैठक में यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं निगरानी में स्थानीय समुदाय, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों की सक्रिय भागीदारी हो, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में मुखिया राम मुर्मू, रीता महतो, अनीता महतो, हीमांशु महतो, जयंत घाटवारी, सोमाय मुर्मू, मनोज साहा, कमल कांत सिंह, जयदेव दास, गंगा पात्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।