Responsive Menu
Add more content here...

खंडामौदा गांव में पारंपरिक गाजन उत्सव का भव्य समापन

Spread the love

खंडामौदा/बहरागोड़ा | निलेश बेरा की रिपोर्ट
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत खंडामौदा गांव स्थित बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को पांच दिवसीय गाजन उत्सव का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। इस पारंपरिक पर्व में ग्रामीणों और भक्तों की भारी भागीदारी देखी गई।

उत्सव के अंतिम दिन भक्तों ने गांव के पवित्र रंगड़ खाल में स्नान कर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बैंड-बाजे के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान देखने को मिले।

भक्तों ने आस्था प्रकट करते हुए जीभ में कील घोंपने, कमर में छड़ डालकर अग्नि प्रज्वलित करने और नंगे पांव अंगारों पर चलने जैसे कठिन तप अनुष्ठान किए। शोभायात्रा में छोटे बच्चों को गोद में लेकर नृत्य करना शुभ माना गया, जिसे कई श्रद्धालुओं ने परंपरा के रूप में निभाया।

गांव में लगे मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। युवाओं ने सेवा भाव से ठंडा पानी पिलाया और महिलाओं ने शंखध्वनि के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शाम को कीर्तन मंडलियों ने हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया, जिसके बाद गोरियाभार शोभायात्रा और प्रसाद वितरण हुआ। गोरियाभार का पवित्र जल भक्तों को पिलाया गया, जिसे शुद्ध और कल्याणकारी माना जाता है।

इस धार्मिक आयोजन में छउ नृत्य की प्रस्तुति ने विशेष आकर्षण जोड़ा। पूरे उत्सव को सफल बनाने में गाजन कमिटी के सदस्यों ने अहम योगदान दिया। प्रमुख रूप से तारकेश्वर बेरा, विनय कुमार बेरा, झाड़ेश्वर बेरा, विनायक गिरी, देवाशीष बेरा, प्रशांत बेरा, बापुन बेरा, गिरधारी बेरा, चिकुन बेरा, सिद्धेश्वर बेरा, अमित पाइकिरा, पीकुन बेरा, राजू खामराई, रिकी बेरा समेत अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।