बहरागोड़ा। संवाददाता
प्रखंड क्षेत्र के बाबा चित्रेश्वर और बाबा भूतेश्वर शिव मंदिर में सोमवार को पारंपरिक गाजन पर्व पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली।
गाजन पर्व के तहत शाम को भोक्ता सुवर्णरेखा नदी में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद नगर परिक्रमा करते हुए मंदिर पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था का अनोखा प्रदर्शन करते हुए जीभ में लोहे की कील और त्रिशूल धारण किया तथा छड़ लगाकर मंदिर की परिक्रमा की।
Read More : बहरागोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
कुछ भक्तों ने जलते अंगारों पर चलकर कठिन तपस्या का प्रदर्शन किया, जो गाजन पर्व की प्रमुख परंपराओं में शामिल है। वहीं महिलाओं ने गोरिया भार की तैयारी के दौरान सड़कों की साफ-सफाई करते हुए धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि बहुलिया गांव स्थित इन दोनों शिव मंदिरों में सैकड़ों वर्षों से यह पर्व मनाया जा रहा है। पुजारियों ने कहा कि हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी आस्था प्रकट करने के लिए इस तरह की कठोर साधनाएं करते हैं।
देर रात गोरिया भार शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे-बाजे के साथ यह शोभायात्रा मंदिर तक पहुंची, जहां गोरिया भार का जल व्रतियों में वितरित किया गया। जल ग्रहण करने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने अपना व्रत पूर्ण किया।
इस अवसर पर क्षेत्र में मेला भी आयोजित किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक और उत्सवमय बना रहा। रात में छऊ नृत्य का भी आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के कई सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।