बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा): बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा पंचायत अंतर्गत जाम्बनी गांव में मंगलवार को हरिनाम संकीर्तन का समापन पारंपरिक दधि महोत्सव के साथ किया गया। उत्सव का आयोजन भव्य गाजे-बाजे और भक्तिभाव से परिपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखी गई।
दोपहर को स्थानीय कीर्तन मंडली के पुजारी द्वारा विशेष रूप से सजाई गई दधि हंडी को कीर्तन मंडप से लेकर पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। गांव के हर घर में दधि हंडी पहुंचाई गई और उसका शुद्ध जल श्रद्धापूर्वक घरों व लोगों पर छिड़का गया। ग्रामीणों का मानना है कि इस जल के छिड़काव से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है तथा रोगों का नाश होता है।
महिलाओं ने पूरे दिन व्रत रखा और बारी-बारी से पूजा कर भगवान का आशीर्वाद मांगा। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर दधि महोत्सव को होली की तरह उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस पावन अवसर पर भक्तों के बीच बतासा, चॉकलेट और मिठाइयों का वितरण किया गया।
दोपहर में सभी श्रद्धालुओं को खिचड़ी भोग का प्रसाद भी वितरित किया गया। इसके बाद दधि हंडी को मंडप के चारों ओर पांच बार परिक्रमा कराकर कीर्तन का विधिवत समापन किया गया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में कीर्तन समिति के अध्यक्ष संजय राणा, कोषाध्यक्ष सोमाय सिंह, सचिव मदन मोहन आचार्य, उपाध्यक्ष संतोष सातुआ, और अन्य सदस्यों — इंद्रजीत दास, श्यामसुन्दर बारीक, हुकुम महतो, तरनिसेन पाल, सुजीत दास, जितेन पाल, शिवानी शंकर पाल आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।