ज्योति स्वती आश्रम में पंचरात्रि अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ
बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड के गुहियापाल पंचायत अंतर्गत ज्योति पाहाड़ी गांव स्थित ज्योति स्वती आश्रम में शनिवार से पंचरात्रि व्यापी अखंड हरिनाम संकीर्तन का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह आयोजन हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर परंपरागत रूप से किया जाता है।
राज्य के बाहर से पहुंची संकीर्तन मंडलियां
इस अखंड हरिनाम संकीर्तन में झारखंड के साथ-साथ ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न गांवों से संकीर्तन मंडलियां एवं महिला मंडलियां पहुंची हैं। भक्तिमय कीर्तन से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया है।
धार्मिक आयोजन के साथ लगा मेला
संकीर्तन आयोजन के साथ-साथ आश्रम परिसर में मेला भी लगाया गया है। मेले में पूजा सामग्री, खिलौने, खान-पान की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मेले का आनंद लेती नजर आ रही है।
22 जनवरी को दधि महोत्सव व प्रसाद वितरण
आयोजकों ने बताया कि पंचरात्रि संकीर्तन के अंतर्गत 22 जनवरी को दधि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में जुटे ग्रामीण
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पद्मलोचन बेरा, कमललोचन बेरा, भीमसेन खूंटिया, कान्हु चरण बेरा, रबिन महाकुड़, शशधर उपाध्याय, निर्मलेंदु बेरा, खकन महाकुड़ सहित अनेक ग्रामीण सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।