Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में ठोस अपशिष्ट प्लांट के पास कचरे के ढेर में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू

Spread the love

चाकुलिया में ठोस अपशिष्ट प्लांट के पास कचरे के ढेर में लगी भीषण आग

चाकुलिया | संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया के हवाई पट्टी क्षेत्र स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट के समीप कचरे के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धुएं का गुबार दूर तक फैल गया।

आग की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई।

आग पर नियंत्रण न होने की स्थिति में बहरागोड़ा स्थित अग्निशमन केंद्र को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और वन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त प्रयास कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस भीषण आग की चपेट में आकर हवाई पट्टी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़-पौधे जल गए। आग बुझने के बाद भी पूरे इलाके में धुआं और तेज बदबू फैली रही, जिससे वातावरण प्रदूषित हो गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।