चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
होली के दिन चाकुलिया प्रखंड के विभिन्न इलाकों में जंगलों में आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। आग की लपटें जंगल से सटे गांवों की ओर बढ़ने लगीं, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वन विभाग की कोशिशें नाकाम, दमकल को बुलाना पड़ा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा और सूखी झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलती रही। स्थिति बिगड़ती देख बहरागोड़ा अग्निशमन केंद्र से दमकल वाहन को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मौरबेड़ा के पास आग ने लिया विकराल रूप
प्रखंड के बड़ामारा पंचायत अंतर्गत मौरबेड़ा के पास जंगल में आग भड़क उठी। लपटें धीरे-धीरे गांव की ओर बढ़ने लगीं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में दमकल की सहायता से स्थिति नियंत्रित की गई।
जय माता दी पेट्रोल पंप के पास भी भड़की आग
लोधाशोली और चौठिया गांव के बीच चाकुलिया–माटिहाना सड़क किनारे स्थित जय माता दी पेट्रोल पंप के समीप भी जंगल में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। दमकल की तत्परता से आग पर नियंत्रण पाया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं को लेकर प्रशासन और वन विभाग सतर्क हो गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।