बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरी पंचायत अंतर्गत चड़कमारा गांव में झारखंड मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड (झारखंड सरकार का उपक्रम) द्वारा 20 ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
पिछले दिसंबर माह में चड़कमारा, मधुआबेड़ा और डिगाँशाई गांव की महिलाओं को 25 दिवसीय प्रशिक्षण देकर पेपर बैग निर्माण की विधियाँ सिखाई गईं। प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें पेपर बैग बनाने की मशीनें भी प्रदान की गई हैं, जिससे अब ये महिलाएं स्वयं रोजगार कर सकेंगी।
इस अवसर पर प्रखंड उद्यमी समन्वयक रूपचांद हेम्ब्रम ने बताया कि पेपर बैग आधारित उत्पादों की बाजार में काफी मांग है और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा, “हम प्रयास कर रहे हैं कि यहां कार्यरत महिलाओं को मार्केट से जोड़ा जाए। भविष्य में इस पहल को क्लस्टर के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें।”
मौके पर ट्रेनर मनीषा रानी, श्रमिक मित्र सत्यवान पैड़ा, मल्लिका हेम्ब्रम, अनिता पैड़ा, माधवी मण्डल, प्रतिमा जाना, बसंती विशाल, रुम्पा जाना, रंजना प्रधान, प्रतिमा प्रधान सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं।