बहरागोड़ा, 6 जून। संवाददाता निलेश बेरा की रिपोर्ट
एनएच-49 स्थित रांगड़ो पुलिया के समीप शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को निजी वाहन से तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जामबनी गांव निवासी अभिषेक कामिला (23 वर्ष) और मुकेश कामिला (17 वर्ष) एक बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पाथरी गांव निवासी शशांक बेरा (50 वर्ष) की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद कर उन्हें सड़क से हटाया और एंबुलेंस की प्रतीक्षा किए बिना निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बाइकों को स्थानीय लोगों ने सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
सीएचसी बहरागोड़ा में घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में जुटी हुई है। पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।