Responsive Menu
Add more content here...

दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, चार लोग घायल; दो की हालत गंभीर, बारीपदा रेफर

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता

बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत एकताल गांव में शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जाकर गिर पड़े। घायलों में दो पुरुष, एक महिला और एक तीन वर्षीय बच्ची शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरागाड़िया गांव निवासी सुकुमार मुंडा अपनी मां बैशाखी मुंडा को लेकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान, ईंटामुड़ा गांव निवासी दीपांकर मुंडा अपनी तीन साल की बेटी भाग्यलक्ष्मी मुंडा के साथ पश्चिम बंगाल की ओर जा रहे थे। एकताल गांव के समीप दोनों बाइक चालकों का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद चारों लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए सभी घायलों को अपने निजी वाहनों से बहरागोड़ा सीएचसी पहुँचाया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बाइक चालक दीपांकर मुंडा और सुकुमार मुंडा की स्थिति नाजुक बताई और गंभीर चोटों को देखते हुए दोनों को उच्च स्तरीय इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा (ओडिशा) रेफर कर दिया।

वहीं बैशाखी मुंडा और तीन वर्षीय भाग्यलक्ष्मी मुंडा का इलाज फिलहाल बहरागोड़ा सीएचसी में जारी है।