चाकुलिया, 21 जून:
चाकुलिया पुलिस ने शनिवार को नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक और नया बाजार के सुभाष चौक पर नशा मुक्ति के लिए जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान थाना प्रभारी संतोष कुमार के निर्देश पर एएसआई पीतांबर मंडल और किशुन तिरु के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें नशा छोड़ने व दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और अपने परिवार व समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि “आज का युवा वर्ग नशे के चंगुल में फंसता जा रहा है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इसे रोकने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि मादक पदार्थों की बिक्री, खरीद और सेवन के बारे में सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।