रांची | 6 जुलाई 2025
झारखंड की सभी सरकारी शराब दुकानों से फिलहाल शराब की बिक्री रोक दी गई है। इसका कारण राज्य सरकार के अधीन झारखंड स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) द्वारा संचालित दुकानों का ऑडिट और हैंडओवर-टेकओवर प्रक्रिया है, जिसकी समयसीमा अब बढ़ा दी गई है।
JSBCL ने पहले 1 से 5 जुलाई के बीच शराब दुकानों की ऑडिट प्रक्रिया और संचालन एजेंसियों से टेकओवर की योजना बनाई थी। लेकिन अब विभागीय निर्णय के अनुसार, यह प्रक्रिया अगले सप्ताह तक चलेगी, यानी 7 से 12 जुलाई के बीच इसका कार्यान्वयन जारी रहेगा। जब तक ऑडिट प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक दुकानों से शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी।
क्या है मामला?
झारखंड में वर्तमान में लगभग 1453 सरकारी शराब दुकानें हैं, जिनका संचालन प्लेसमेंट एजेंसियों द्वारा किया जा रहा था। इन एजेंसियों का अनुबंध 30 जून को समाप्त हो गया है। इसके बाद JSBCL ने ऑडिट और स्टॉक सत्यापन के लिए 5 जुलाई तक का समय निर्धारित किया था।
अब तकनीकी कारणों और जिलों से मिली रिपोर्ट के आधार पर यह प्रक्रिया बढ़ा दी गई है। जिलों के डीसी, अपर समाहर्ता और अपर डीसी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जो पूरे हस्तांतरण की निगरानी करेंगे।
पारदर्शिता के लिए वीडियोग्राफी अनिवार्य
हर दुकान पर भौतिक स्टॉक, विक्रय रिकॉर्ड और जमा राशि का ऑडिट किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।