Responsive Menu
Add more content here...

रांची रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का भंडाफोड़, RPF ने 9 लड़कियों को बचाया, तीन तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रांची रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। RPF कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चलाए गए “ऑपरेशन AAHT” (Action Against Human Trafficking) के तहत प्लेटफॉर्म नंबर-1 के फुटओवर ब्रिज के पास 9 युवतियों और 2 पुरुषों को संदिग्ध हालात में पकड़ा गया।

प्रारंभिक पूछताछ में जब संतोषजनक जवाब नहीं मिले, तो सभी को RPF पोस्ट लाया गया। वहां गहन पूछताछ के बाद जो खुलासा हुआ, उसने मानव तस्करी की एक बड़ी साजिश को बेनकाब कर दिया। पकड़े गए तीन आरोपियों की पहचान श्रुति देवी, कुंदन कुमार और रंधीर कर्माली के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि ये तीनों आरोपी पीड़ित लड़कियों को झांसा देकर उन्हें तमिलनाडु में काम दिलाने के बहाने ले जा रहे थे।

तस्करों ने बताया कि वे हर लड़की से ₹2000 से ₹3000 तक बतौर कमीशन वसूलते थे और साथ ही प्रत्येक लड़की पर ₹20 प्रतिदिन की दर से भी कमाई करते थे। उनके पास लड़कियों को बाहर ले जाने के लिए कोई वैध दस्तावेज भी नहीं पाए गए।

यह कार्रवाई RPF की सतर्कता और तत्परता का प्रमाण है, जिससे एक संभावित अंतरराज्यीय मानव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। फिलहाल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और लड़कियों को महिला संरक्षण गृह भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।