अबुआ खबर डेस्क | चाकुलिया
चाकुलिया के हवाई पट्टी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक स्कूली छात्रा जंगली हाथियों से बचने के दौरान घायल हो गई। घटना माचाडीहा गांव की है, जहां छात्रा सुकुल सोरेन अपनी साइकिल से स्कूल जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे वह मनोहर लाल +2 हाई स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान हवाई पट्टी के पास अचानक दो जंगली हाथी सामने आ गए। हाथियों को देखकर छात्रा घबरा गई और अपनी साइकिल छोड़कर जान बचाने के लिए झाड़ियों की ओर भागने लगी।
Read More : चाकुलिया: रेलवे ट्रैक किनारे नग्न अवस्था में मिला घायल युवक, इलाज के दौरान मौत
भागते समय संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ी, जिससे उसके हाथ और कमर में चोट लग गई। इसी बीच वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को वहां से भगाया और छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
मामले की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है।