अबुआ खबर डेस्क | चाकुलिया
चाकुलिया प्रखंड के घाघरा गांव में जंगली हाथियों के बड़े झुंड ने भारी उत्पात मचाते हुए किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, करीब 25 हाथियों का दल घाटशिला क्षेत्र के आसना से निकलकर धालभूमगढ़ के रास्ते माटियाबांधी पंचायत के पहाड़ी इलाकों में स्थित घाघरा गांव पहुंचा।
Read More : चाकुलिया: हाथियों से बचते वक्त छात्रा घायल, ग्रामीणों ने बचाई जान
रात भर हाथियों ने इलाके में उत्पात मचाया और कई घंटों तक बागानों में तोड़फोड़ की। ग्रामीणों के मुताबिक, हर गोविंद सिंह की जमीन पर लगे आम और कटहल के पेड़ों को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। कई पेड़ तोड़ दिए गए, वहीं कटहल के फलों को खाकर और गिराकर बर्बाद कर दिया गया।
इसके अलावा हाथियों ने काजू के बागान में भी जमकर नुकसान पहुंचाया। पेड़ों पर लगे काजू के फलों को तोड़कर नष्ट कर दिया गया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद हाथियों का झुंड बर्डीकानपुर-कालापाथरा पंचायत के जामिरा पहाड़ की ओर बढ़ गया। इतने बड़े झुंड के गांवों के पास पहुंचने से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वहीं, गरमा धान की खेती कर रहे किसान भी अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने की मांग की है।