Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा मॉडल विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड के पाटबेड़ा स्थित मॉडल विद्यालय में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं कक्षा के कला एवं विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोपेश कुमार मिश्रा ने विधायक समीर मोहंती का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक समीर मोहंती ने विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सही दिशा और लक्ष्य तय करने का सबसे मजबूत माध्यम है। एक शिक्षित युवा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, नई चीजें सीखने और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि आज के छात्र ही आने वाले समय में समाज और देश के भविष्य का निर्माण करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, मिंटू पाल, रिंकू माइती, अरुण बारिक, यदूपति राणा समेत विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।