बहरागोड़ा। संवाददाता
झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के सम्मान में मंगलवार को बहरागोड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और क्षेत्र के 30 चिन्हित आंदोलनकारियों को आधिकारिक अधिकार पत्र प्रदान किए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक समीर मोहंती ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का संघर्ष और त्याग अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि आज राज्य जिस विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें इन आंदोलनकारियों की अहम भूमिका रही है।
विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने आंदोलनकारियों को पहचान और सम्मान देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। सरकार ने न केवल आंदोलनकारियों की सूची को स्वीकृति दी, बल्कि उनके अधिकारों को भी सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। इसके लिए क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में अंचल अधिकारी राजा राम सिंह मुंडा, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, उप प्रमुख मुन्ना होता, शाम मुर्मू, बिसु ओझा, रासबिहारी साहू, जदूपति राणा, सुमित मैती, विशाल बारिक सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया।