बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा) : कालियाडींगा चौक के पास जर्जर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) सर्विस रोड की धीमी गति और लापरवाह मरम्मत कार्य पर नाराज विधायक समीर कुमार मोहंती ने आज स्थल पर पहुंचकर काम की गुणवत्ता और प्रगति की जांच की।
स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत थी कि जय माता दी कंपनी द्वारा कार्य बहुत धीमी गति से किया जा रहा है और अनियमितताओं के कारण सड़क की हालत और बिगड़ गई है। दोनों ओर गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिससे वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे स्थिति और भयावह हो गई है।
विधायक का सख्त रुख
मौके पर विधायक समीर मोहंती ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से दूरभाष पर बात कर पूरी स्थिति की जानकारी दी और जल्द से जल्द गड्ढों को भरने, आवागमन बहाल करने और एजेंसी पर कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की। उन्होंने NHAI की प्रोजेक्ट डायरेक्टर एकता कुमारी से भी फोन पर वार्ता कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया।
निरीक्षण में शामिल रहे प्रमुख लोग
निरीक्षण के दौरान 20 सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, झामुमो नेता प्रो. श्याम मुर्मू, निर्मल दुबे, गुरुचरण मांडी, सतीश मुंडा, जीत वाहन राउत, पप्पू राउत, जगदीश राय, बिश्वजीत ओझा, यदुपति राणा, बलराम पातर समेत कई स्थानीय लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।
