बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के एनएच 18 और एनएच 49 पर बनी पुलियों और ओवरब्रिजों पर कई स्थानों पर बड़े गड्ढे उभर आए हैं। केशरदा ओवरब्रिज (एनएच 18) और मुड़ाकाटी खाल पुलिया में गड्ढों से सरिये बाहर निकल आए हैं, जो बड़े सड़क हादसे को आमंत्रित कर रहे हैं।
खंडामौदा स्थित रांगडो खाल के ऊपर एनएच 49 पर बनी पुलिया पर भी यही स्थिति है। इन गड्ढों में निकले सरिये बाइक और कार के टायरों में फंसकर कई छोटे-बड़े हादसों का कारण बन रहे हैं। कार के टायर में सरिये घुस जाने से टायर ब्लास्ट होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि एनएचएआई द्वारा सड़क निर्माण के बाद मरम्मत और सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण पुलियों पर प्रोग्रेसिव गड्ढे और उसमें निकले सरिये रोज़मर्रा के छोटे-बड़े हादसों का कारण बन रहे हैं।
सड़क की स्थिति और गड्ढों के अलावा स्ट्रीट लाइट भी कई जगह बंद हैं, जिससे रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि एनएचएआई टोल टैक्स वसूल तो कर रहा है, लेकिन सड़क और पुलियों की मरम्मत में कोई पहल नहीं की जा रही। स्ट्रीट लाइट की स्थिति भी जस की तस बनी हुई है, जिससे सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है और स्थानीय लोग नाराज हैं।